रुद्रपुर में फर्जी आधार-पैन और मार्कशीट रैकेट का भंडाफोड़, जनसेवा केंद्र की आड़ में चल रहा था खेल; एसटीएफ ने आरोपी दबोचा, दर्जनों कूटरचित दस्तावेज व उपकरण जब्त

Share the news

रुद्रपुर, ऊधमसिंहनगर। जिले के थाना ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में स्पेशल टास्क फोर्स कुमाऊं यूनिट ने फर्जी दस्तावेज बनाने वाले एक कथित जनसेवा केंद्र का भंडाफोड़ किया है। एसटीएफ टीम ने मौके से भारी मात्रा में कूटरचित आधार कार्ड, पैन कार्ड, अंकतालिकाएं, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और नगदी बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के मुताबिक बुधवार को उ0नि0 विपिन चंद्र जोशी के नेतृत्व में टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि मछली मार्केट रोड स्थित “गंगवार जनसेवा केंद्र” में बाहरी राज्यों से आए श्रमिकों के फर्जी आधार और पैन कार्ड तैयार किए जा रहे हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने दुकान पर छापा मारा। मौके पर मौजूद युवक ने अपना नाम चेतन कुमार (21) निवासी मूल रूप से रामपुर, उत्तर प्रदेश और वर्तमान में गड्डा कॉलोनी, शिमला बहादुर, ट्रांजिट कैंप बताया।

तलाशी के दौरान पुलिस को 42 आधार कार्ड (दो कूटरचित), 55 पैन कार्ड (एक कूटरचित), नौ हाईस्कूल अंकतालिकाएं (एक मूल, आठ फर्जी प्रतियां), 11 फोटोशीट, नौ हजार रुपये नगद, एक मॉनिटर, एचपी का कलर प्रिंटर, सीपीयू, की-बोर्ड और बायोमैट्रिक फिंगरप्रिंट स्कैनर बरामद हुआ। जांच में सामने आया कि आरोपी पिक्सल लैब एप के जरिए दस्तावेजों में नाम-पता बदलकर प्रिंट निकालता था। बरामद मोबाइल (POCO कंपनी) में भी फर्जी दस्तावेजों की कई तस्वीरें मिलीं।

पुलिस के अनुसार आरोपी बिना किसी वैध लाइसेंस के जनसेवा केंद्र की आड़ में यह अवैध कारोबार चला रहा था। पूछताछ में उसने सिडकुल की कंपनियों में नौकरी दिलाने के नाम पर दस्तावेज तैयार करने की बात कबूली है।

पुलिस ने आरोपी को बीएनएस की धारा 318(2), 336(3), 338 और 340(2) के तहत गिरफ्तार कर लिया है। मौके से बरामद सभी उपकरणों और दस्तावेजों को सील कर दिया गया है तथा केंद्र को भी सील कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *