रुद्रपुर। कांग्रेस के सृजन कार्यक्रम में गुरुवार को हंगामा और मारपीट होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया। नगर और जिला अध्यक्ष के चयन को लेकर हुई रायशुमारी में दो गुट आपस में भिड़ गए। आरोप-प्रत्यारोप के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कार्यक्रम के दौरान मंच संचालन और संबोधन को लेकर बहस शुरू हुई। इसी बीच संजय जुनेजा और उनके समर्थकों पर माहौल बिगाड़ने का आरोप लगा। धक्का-मुक्की के दौरान कांग्रेस नेता राजेंद्र मिश्रा घायल हो गए। महानगर अध्यक्ष सीपी शर्मा की तहरीर पर संजय जुनेजा, मोहन खेड़ा, पवन वर्मा, राजेंद्र मिश्रा समेत कई कार्यकर्ताओं पर मारपीट और गालीगलौज करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज हुआ।
दूसरी ओर मोहन खेड़ा ने आरोप लगाया कि राजेंद्र मिश्रा से रंजिश को लेकर संदीप चीमा और उनके सहयोगियों ने जान से मारने की कोशिश की और कार में जबरन बैठाने का प्रयास किया। उनकी तहरीर पर सीपी शर्मा, संदीप चीमा, दीपक शर्मा, आशीष यादव समेत अन्य पर केस दर्ज हुआ है।
पुलिस ने दोनों ही तहरीरों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 115, 351(2), 352 के तहत क्रॉस एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। अधिकारियों ने कहा कि मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
कांग्रेस की आंतरिक गुटबाजी से उपजा यह विवाद पार्टी की एकता पर सवाल खड़ा कर रहा है और संगठनात्मक कार्यक्रम सियासी संघर्ष का अखाड़ा बन गया।



