मुठभेड़ में ढेर हुआ नशे का काला साम्राज्य, शातिर तस्कर शाकिर गिरफ्तार, पुलिस पर फायरिंग के बाद पैर में गोली, हथियार व कारतूस बरामद, नेटवर्क पर बड़ा प्रहार

Share the news

गदरपुर (ऊधमसिंह नगर):

नशे के अवैध कारोबार में लंबे समय से सक्रिय शातिर तस्कर शाकिर अली उर्फ नकटा को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी पर एनडीपीएस एक्ट सहित एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह लंबे समय से पुलिस के निशाने पर था।

जानकारी के मुताबिक, कोतवाल संजय पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सकैनिया चौकी क्षेत्र के ग्राम कनकटा स्थित श्मशान घाट के पास आरोपी की घेराबंदी की। खुद को घिरता देख शाकिर ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दाहिने पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया और मौके पर ही दबोच लिया गया। घायल अवस्था में उसे जिला अस्पताल रुद्रपुर में भर्ती कराया गया, जहां एसपी क्राइम और एसएसपी अजय गणपति ने पहुंचकर घटना की जानकारी ली।

पुलिस के अनुसार, शाकिर अली नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क से जुड़ा हुआ था और अपने नाबालिग बच्चों से भी स्मैक की सप्लाई करवाता था। इससे पहले 24 जनवरी 2026 को एएनटीएफ कुमाऊं यूनिट ने एक नाबालिग को स्मैक के साथ पकड़ा था, जिसने खुलासा किया कि यह नशा उसके माता-पिता द्वारा भेजा गया था। इसी आधार पर गदरपुर कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

27 मार्च को चेकिंग के दौरान कलकत्ती खानपुर तिराहे के पास आरोपी ने फिर पुलिस पर फायर कर भागने की कोशिश की, जिसके बाद पीछा करते हुए कुईखेड़ी मार्ग पर मुठभेड़ हुई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *