201 ठिकानों पर बिजली चोरी का भंडाफोड़, 41 कनेक्शन कटे, 16 पर केस, भाजपा नेता समेत आरोपी, विजिलेंस-ऊर्जा निगम की कार्रवाई से हड़कंप

Share the news

रूद्रपुर | बिजली चोरी पर ऊर्जा निगम का सख्त एक्शन

शुक्रवार को ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता राजीव चक्रवर्ती के नेतृत्व में विजिलेंस और निगम की संयुक्त टीम ने खेड़ा, दरियागंज और ट्रांजिट कैंप क्षेत्रों में सघन अभियान चलाया। इस दौरान 201 स्थानों पर बिजली कनेक्शनों की जांच की गई, जिसमें बड़े पैमाने पर बिजली चोरी के मामले सामने आए।

उपखंड अधिकारी अन्नू अरोरा ने बताया कि कई लोग मीटर को जाने वाली केबल में कट लगाकर और कहीं लाइन में कंटिया डालकर अवैध रूप से बिजली का इस्तेमाल कर रहे थे। जांच के दौरान अवैध कनेक्शन और पहले कटे हुए कनेक्शनों को दोबारा जोड़ने के मामले भी पकड़े गए। अभियान में 41 उपभोक्ताओं की केबल मौके पर ही काट दी गई।

इसके अलावा, कुछ स्थानों पर स्वीकृत भार से अधिक बिजली का उपयोग भी पाया गया, जिस पर नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।

ऊर्जा निगम की ओर से ट्रांजिट कैंप थाने में कुल 16 लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सभी आरोपियों पर बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार इन आरोपियों में एक स्थानीय भाजपा नेता भी शामिल है, जिससे मामला राजनीतिक रूप से भी चर्चा में आ गया है।

कोतवाल मोहन चंद्र पांडेय ने बताया कि सभी मामलों में जांच शुरू कर दी गई है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऊर्जा निगम ने साफ किया है कि बिजली चोरी के खिलाफ अभियान आगे भी बिना किसी भेदभाव के जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *