रुद्रपुर। फौजी मटकोटा स्थित बहुद्देशीय किसान सेवा सहकारी समिति लिमिटेड के चुनाव में ज्ञान सिंह चौहान एक बार फिर निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए। उनके पुनः चयन के बाद क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल और ठाकुर जगदीश सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोगों ने चौहान का फूल-मालाओं से गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें माता की चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया।
इस मौके पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने बधाई देते हुए कहा कि चौहान का पुनः निर्विरोध चयन यह साबित करता है कि किसानों का गहरा विश्वास उनके साथ है। उनकी कार्यशैली और सेवा भाव ने उन्हें लगातार किसानों की पहली पसंद बनाए रखा है। ठुकराल ने उम्मीद जताई कि चौहान आगे भी किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए समिति को नई दिशा और मजबूती प्रदान करेंगे।
अध्यक्ष ज्ञान सिंह चौहान ने सभी सदस्यों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन पर जताया गया विश्वास उनकी जिम्मेदारी को और बढ़ाता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे किसानों की समस्याओं के समाधान, समिति के विकास और पारदर्शी व्यवस्था के लिए लगातार काम करते रहेंगे। उनका कहना था कि किसानों का सहयोग और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
कार्यक्रम में कुंवर पाल सिंह, रघुराज सिंह, केशव शर्मा, देवेंद्र सिंह बामल, त्रिलोचन पनेरू, देवेंद्र सिंह बिष्ट, श्याम सिंह चौहान, ललित सिंह बिष्ट और केरू मंडल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मौके पर उत्साहपूर्ण माहौल के बीच सभी ने चौहान को बधाई देते हुए समिति की प्रगति की शुभकामनाएँ दीं।




