पुरानी रंजिश के चलते युवक से मारपीट, एक लाख रुपये लूटने का आरोप

Share the news

किच्छा, संवाददाता

पुरानी रंजिश के चलते ग्राम शंकर फार्म के कट पर पांच लोगों ने एक मेडीकल होलसेल पर काम करने वाले युवक के साथ मारपीट की। पीड़ित ने आरोपियों पर एक लाख रुपये की लूट का आरोप लगाया है। पुलभट्टा पुलिस मामले की जांच कर रही है।

थाना पुलभट्टा अंतर्गत ग्राम भंगा निवासी दुष्यंत गंगवार पुत्र भोला नाथ गंगवार किच्छा में एक मेडीकल की होलसेल की दुकान पर काम करता है। वह बाजार से नियमित दवाईयों के बिलों का कलेक्शन करता है। दुष्यंत ने आरोप लगाया कि ग्राम शंकर फार्म के कुछ युवकों से उसका किसी विवाद को लेकर रंजिश चली आ रही थी। आरोप है कि बीते बुधवार सांय वह दवाईयों का एक लाख रुपये का कलेक्शन बैग में रखकर किच्छा से वापस अपने घर जा रहा था। इस दौरान शंकर फार्म कट के पास पुरानी रंजिश के चलते पांच युवकों ने उसकी बाइक को रोक लिया और उसका बैग छीनने लगे। दुष्यंत के विरोध करने पर आरोपियों ने उसके ऊपर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। जिसके कारण उसके सर पर गंभीर चोट लगी। आरोपी बैग समेत उसके एक लाख रुपये लूटकर ले गये। सूचना मिलते ही उसके परिजन मौके पर पहुंच गए। डायल 112 पर सूचना देने के बाद दुष्यंत को सीएचसी ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी रैफर कर दिया गया। दुष्यंत ने पुलभट्टा पुलिस को सूचना देकर आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की। पुलभट्टा थाना इंचार्ज प्रदीप कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *