रुद्रपुर। मौसम विभाग के पूर्वानुमान में घने कोहरे और शीतलहर की चेतावनी के चलते प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर अहम निर्णय लिया है। अत्यधिक ठंड के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव को देखते हुए जनपद ऊधम सिंह नगर के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में पांच दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले के समस्त आंगनबाड़ी केंद्र 06 जनवरी से 10 जनवरी 2026 तक बंद रहेंगे। यह आदेश जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद जारी किया गया है। हालांकि अवकाश अवधि के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्री और सहायिकाएं अपने विभागीय कार्य पूर्व की भांति करती रहेंगी।
प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जिला सूचना अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि इस आदेश की जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अभिभावकों और आमजन को समय रहते सूचना मिल सके। ठंड के मद्देनजर प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील भी की है।




