
जसपुर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां नशे में धुत एक 16 वर्षीय किशोर ने अपने ही परिवार पर पाटल से हमला कर दिया। इस हमले में उसकी चाची की मौत हो गई, जबकि मां और चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के बाद से आरोपी किशोर फरार है।





कोतवाल जगदीश सिंह ठकरियाल ने बताया कि गुरुवार देर रात ग्राम मेघावाला में सैंकी पुत्र तेजपाल सिंह का अपने परिवार से किसी बात को लेकर विवाद हुआ। गुस्से में आकर उसने पाटल से अपनी मां रेखा देवी (45) पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
चीख-पुकार सुनकर बीच-बचाव करने आई चाची सुनीता देवी (35) पर भी सैंकी ने गर्दन पर पाटल से वार कर दिया। इस हमले में सुनीता देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं और बाद में अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसी दौरान सैंकी ने अपने 16 वर्षीय चचेरे भाई हर्षित पर भी हमला कर उसे घायल कर दिया।
घटना से पूरे गांव में अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को काशीपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। कोतवाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद का प्रतीत हो रहा है। आरोपी किशोर घटना के बाद से फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है, ग्रामीणों के अनुसार किशोर घटना के वक्त नशे में था। फिलहाल पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
एक नाबालिग के गुस्से और नशे ने एक परिवार को तबाह कर दिया। पुलिस अब आरोपी की गिरफ्तारी के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।