नशे में मौत का सफर! नैनीताल हाईवे पर लहराती रोडवेज बस सीज, चालक गिरफ्तार

Share the news

रुद्रपुर। सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को नशे में वाहन चलाने का एक गंभीर मामला सामने आया। सीपीयू प्रभारी एसआई गोधन सिंह अपनी टीम के साथ नैनीताल हाईवे पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर रोडवेज बस संख्या यूके 04 पीए 1137 पर पड़ी, जो चलते समय असंतुलित और लहराते हुए दिखाई दी। संदिग्ध स्थिति को देखते हुए पुलिस टीम ने पीएसी के पंप के पास बस को रोक लिया।

 

पूछताछ के दौरान चालक ने बताया कि वह बस को आगरा ले जा रहा था, लेकिन बस में खराबी आ जाने के कारण वह मुरादाबाद से किसी तरह बस को वापस लेकर आ रहा था। पुलिस को चालक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उसे बस से नीचे उतारकर एल्कोहल मीटर से जांच की गई। जांच में चालक के नशे में होने की पुष्टि हुई।

 

चालक की पहचान मोहम्मद जाहिद पुत्र मोहम्मद अली निवासी वार्ड नंबर पांच, नई बस्ती काठगोदाम, जनपद नैनीताल के रूप में हुई। नशे की हालत में यात्री बस चलाने को गंभीर लापरवाही मानते हुए एसआई गोधन सिंह ने रोडवेज बस को मौके पर ही सीज कर दिया और चालक को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने बताया कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *