रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक सिक्योरिटी गार्ड शराब के नशे में बेकाबू हो गया। गार्ड ने लोगों को डराने के लिए लाइसेंसी बंदूक लहराई और भाजपा कार्यकर्ता पर हमला कर दिया। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने गार्ड की जमकर धुनाई कर दी।
घटना वार्ड नंबर 02 की नारायण कॉलोनी की है, जहां भाजपा कार्यकर्ता रामधारी गंगवार के घर के बाहर देर रात एक सिक्योरिटी गार्ड शराब के नशे में जमकर हंगामा कर रहा था। गार्ड ने नशे की हालत में लाइसेंसी बंदूक निकालकर लोगों को डराना शुरू कर दिया।
जब स्थानीय लोगों ने उसे रोकने की कोशिश की, तो गार्ड ने रामधारी गंगवार के सिर पर बंदूक की नाल से वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। इस दौरान छीना-झपटी में गार्ड की बंदूक से एक गोली चल गई, जो जमीन में जाकर लगी। गनीमत रही कि कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।
इसके बाद गुस्साए लोगों ने गार्ड को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह हालात को काबू में किया और गंभीर रूप से घायल गार्ड और भाजपा कार्यकर्ता दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी के मुताबिक, गार्ड ने एक पुलिसकर्मी के हाथ पर दांत से काट भी लिया। घटना की जानकारी मिलते ही समाजसेवी सुशील गाबा और पार्षद एम.पी. मौर्य अस्पताल पहुंचे और घायल रामधारी गंगवार का हालचाल जाना। साथ ही पुलिस से आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी गार्ड के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।