जघन्य हत्याकांड में दून पुलिस की ऐतिहासिक कार्रवाई, चार दिन में चार्जशीट दाखिल, उत्तराखंड में पहली बार हत्या मामले में इतनी तेज़ जांच

Share the news

देहरादून।

गुंजन हत्याकांड मामले में देहरादून पुलिस ने तेज़ कार्रवाई करते हुए आज चार दिन के भीतर ही आरोपी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी पूरी कर ली है। उत्तराखंड के आपराधिक इतिहास में यह पहली बार होगा जब किसी हत्या के मामले में महज़ चार दिन में चार्जशीट कोर्ट में पेश की जा रही है। दून पुलिस ने इस मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने की अपील भी उच्च अधिकारियों से की है, ताकि आरोपी को जल्द से जल्द सजा और मृतका के परिवार को त्वरित न्याय मिल सके।

मामले के अनुसार, 2 फरवरी को देहरादून के मच्छी बाजार क्षेत्र में दिनदहाड़े गुंजन की निर्मम हत्या कर दी गई थी। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी आकाश को गिरफ्तार किया। 3 फरवरी को आरोपी को अदालत में पेश कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए देहरादून एसएसपी अजय सिंह ने एसपी सिटी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया, जिसमें सीओ सिटी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर, प्रभारी एसओजी और फील्ड यूनिट के अधिकारी शामिल रहे।

एसआईटी ने दिन-रात मेहनत करते हुए घटनास्थल और आसपास के इलाकों से सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस डेटा और अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों और मामले से जुड़े अहम लोगों के बयान दर्ज किए गए। 3 फरवरी को केस डायरी के पर्चे काटे गए और 4 फरवरी को चार्जशीट को अंतिम रूप दिया गया। पुलिस अब 5 फरवरी की शाम तक चार्जशीट कोर्ट में दाखिल करने जा रही है।

उधर, जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी आकाश वारदात से दो दिन पहले से धारदार हथियार लेकर घूम रहा था। 31 जनवरी को आकाश की पत्नी ने गुंजन के परिजनों को इसकी सूचना भी दी थी। गुंजन के भाई अंश के अनुसार, आरोपी ने फिल्मी अंदाज़ में धमकी दी थी कि अगर गुंजन उससे शादी नहीं करेगी तो वह उसे जान से मार देगा।

एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि पुलिस ने सभी सबूत, दस्तावेज, सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयान जुटाकर चार्जशीट तैयार की है। साथ ही इस मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने की अपील की जाएगी, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *