आजाद नगर में कुत्ते को लेकर विवाद, घर पर पथराव और तोड़फोड़

Share the news

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के आजाद नगर में कुत्ते को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट और पथराव में बदल गया। घटना में एक युवती घायल हो गई, जबकि हमलावरों ने घर के बाहर खड़े ई-रिक्शा और स्कूटी में तोड़फोड़ कर दी। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मामला रुद्रपुर के वार्ड नंबर-7 आजाद नगर, हनुमान मंदिर वाली गली का है। तहरीर के अनुसार 27 फरवरी की रात करीब 10 बजे 8-10 युवक गली से गुजर रहे थे। इसी दौरान सपना राय के घर के बाहर बंधे दो पालतू कुत्ते भौंकने लगे। आरोप है कि युवकों ने कुत्तों को पीटना शुरू कर दिया। विरोध करने पर युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।

शोर सुनकर सपना राय का बेटा अभिषेक और पति संजीव राय बाहर आए। विवाद बढ़ने पर पड़ोसी कमल मंडल भी मौके पर पहुंचे। आरोप है कि अंकित उर्फ गट्टी नामक युवक ईंट से हमला करने जा रहा था, जिसे रोकने पर हमलावरों ने कमल मंडल और उनके परिवार के साथ मारपीट शुरू कर दी। बचाव में आई उनकी पुत्री पूजा मंडल घायल हो गई।

पीड़ित परिवार के अनुसार हमलावरों ने करीब आधे घंटे तक घर पर ईंट-पत्थर फेंके और बाहर खड़े ई-रिक्शा व स्कूटी को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग भी होने का दावा किया गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *