रुद्रपुर, संवाददाता।
शुक्रवार को काशीपुर फ्लाइओवर पर उस समय हड़कंप मच गया जब एक दिव्यांग युवक का शव उसकी व्हीलचेयर पर ही पड़ा मिला। राहगीरों ने जब युवक को देखा तो उसके मुंह से झाग निकल रहा था और सिर एक ओर झुका हुआ था।
सूचना मिलते ही व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा और अन्य लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची आदर्श कॉलोनी चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, युवक लंबे समय से फ्लाइओवर के नीचे अपनी व्हीलचेयर पर बैठा दिखाई दे रहा था। पुलिस ने बताया कि युवक की पहचान शिवनगर ट्रांजिट कैंप निवासी के रूप में की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा।
घटना से इलाके में सन्नाटा और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



