दिनेशपुर में दरोगा 15 हजार रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार, एसएसपी अजय गणपति ने किया तत्काल सस्पेंड, विजिलेंस की दूसरी बड़ी कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप

Share the news

रुद्रपुर। जनपद ऊधम सिंहनगर में सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना दिनेशपुर में तैनात एएसआई अनवर अहमद को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। एक ही दिन में विजिलेंस की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार थाना गदरपुर में ऊर्जा निगम की ओर से बिजली चोरी का एक मुकदमा दर्ज था। आरोप है कि इस मुकदमे को निपटाने और रफा-दफा करने के नाम पर एएसआई अनवर अहमद ने शिकायतकर्ता से 15 हजार रुपये की मांग की थी। शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी को दी। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप तैयार किया।

निर्धारित योजना के तहत टीम ने आरोपी को 15,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इधर, मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल प्रभाव से आरोपी उपनिरीक्षक अनवर अहमद को निलंबित कर दिया है। एसएसपी ने कहा कि प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत जनपद में किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार और कदाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आरोपी के खिलाफ विभागीय जांच भी प्रारंभ कर दी गई है और दोष सिद्ध होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

विजिलेंस की इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में खलबली मची हुई है और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *