ऊधमसिंह नगर के दिनेशपुर क्षेत्र में एक अधिवक्ता को फोन पर गोली मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। वार्ड नंबर 4 निवासी अधिवक्ता सरिता सक्सेना ने थाना दिनेशपुर में तहरीर देकर अपने पूर्व पति अरविंद शर्मा, उसकी पत्नी खुशबू और उसके साथियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
तहरीर के अनुसार, सरिता सक्सेना का विवाह अरविंद शर्मा निवासी रुद्रपुर से हुआ था, लेकिन अब दोनों अलग रह रहे हैं। शिकायत में उल्लेख है कि अरविंद शर्मा पूर्व में धारा 302 के एक मामले में जेल जा चुका है और वर्तमान में उच्च न्यायालय से जमानत पर है। हाल ही में अटरिया मंदिर के पास खाली जमीन पर नमाज पढ़ने को लेकर हुए विवाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिस पर सरिता सक्सेना द्वारा सार्वजनिक प्रतिक्रिया दी गई थी।
आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर 25 फरवरी 2026 की रात करीब 10:22 बजे अरविंद शर्मा ने मोबाइल नंबर से फोन कर उन्हें जान से मारने और सरेआम गोली मारने की धमकी दी। पीड़िता का कहना है कि कॉल की रिकॉर्डिंग उनके पास सुरक्षित है। साथ ही, उन्हें और उनके परिवार को लगातार डराया-धमकाया जा रहा है।
पीड़िता ने पुलिस से रिपोर्ट दर्ज कर अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। थाना दिनेशपुर पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में हलचल का माहौल बना हुआ है।




