कागजों में डिलीवरी, घरों तक नहीं पहुंचा गैस सिलेंडर; रुद्रपुर में इंडेन एजेंसी पर भड़के उपभोक्ता, हंगामा, विरोध के बाद बंटे सिलेंडर

Share the news

रूद्रपुर के काशीपुर बाईपास रोड स्थित इंडेन गैस एजेंसी में सोमवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब दर्जनों उपभोक्ताओं को पता चला कि उनके द्वारा बुक किए गए गैस सिलेंडर एजेंसी के रिकॉर्ड में पहले ही डिलीवर दिखा दिए गए हैं, जबकि वास्तविकता में उन्हें सिलेंडर मिला ही नहीं।

सुबह तड़के करीब 3 बजे से ही लंबी कतारों में लगे उपभोक्ता अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान कई लोगों को कर्मचारियों ने यह कहकर लौटा दिया कि उनके सिलेंडर की डिलीवरी पहले ही हो चुकी है। यह सुनकर उपभोक्ता हैरान और परेशान हो उठे।

संजयनगर निवासी लिपिका ने बताया कि वह सुबह 4 बजे से लाइन में खड़ी थीं, लेकिन एजेंसी कर्मचारियों ने उन्हें यह कहकर सिलेंडर देने से मना कर दिया कि उनके नाम पर पहले ही डिलीवरी दर्ज है। इसी तरह ट्रांजिट कैंप निवासी विजय सारस्वत को मोबाइल पर डिलीवरी का मैसेज मिलने से वह चौंक गए, क्योंकि उन्हें सिलेंडर मिला ही नहीं था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए समाजसेवी सुशील गाबा मौके पर पहुंचे और उपभोक्ताओं के साथ एजेंसी के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रबंधन से जवाब मांगा, लेकिन कोई संतोषजनक उत्तर नहीं मिला।

आखिरकार उपभोक्ताओं के आक्रोश और विरोध के दबाव में एजेंसी प्रबंधन ने सभी प्रभावित लोगों को सिलेंडर वितरित किए। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका कि आखिर सिलेंडर की कथित डिलीवरी किसके माध्यम से और कैसे दर्ज की गई।

घटना के बाद उपभोक्ताओं में एजेंसी की कार्यप्रणाली को लेकर गहरा रोष है और उन्होंने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *