नाले से मिला संदिग्ध हालत में शव, तेजाब से चेहरा जलाने की आशंका—हत्या की ओर इशारा

Share the news

जागेश्वर क्षेत्र के कोटुली गांव के पास रविवार सुबह एक नाले से संदिग्ध हालात में एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव इस कदर क्षत-विक्षत था कि उसकी पहचान कर पाना मुश्किल हो रहा है।

शव के चेहरे पर तेजाब डाले जाने की आशंका जताई जा रही है, जिससे पुलिस मामले को हत्या की साजिश के रूप में देख रही है..

जानकारी के अनुसार, सुबह एक महिला चारा-पत्ती लेने जंगल की ओर गई थी, जहां झाड़ियों के बीच उसे एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा मिला। महिला के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर जुटे और दुर्गंध के चलते अंदाजा लगाया कि व्यक्ति की मौत हो चुकी है।

सूचना मिलते ही जागेश्वर चौकी प्रभारी भगवान गिरी गोस्वामी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शव की स्थिति को देखते हुए अनुमान है कि यह 10 से 15 दिन पुराना हो सकता है।

 

शव के पास से पहचान संबंधी कोई दस्तावेज या सामान नहीं मिला है। क्षेत्र में किसी के लापता होने की सूचना भी दर्ज नहीं है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि मृतक कोई बाहरी पर्यटक या श्रद्धालु हो सकता है।

 

पुलिस हत्या या हादसे, दोनों एंगल से जांच में जुट गई है। आसपास के गांवों में पूछताछ जारी है और शव की शिनाख्त की कोशिशें तेज कर दी गई हैं।

चौकी प्रभारी भगवान गिरी गोस्वामी ने बताया कि,

“शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, फिलहाल शिनाख्त नहीं हो पाई है। जांच जारी है, हर पहलू पर काम किया जा रहा है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *