रिपोर्ट गोपी सरकार
बहू ने मायके वालों के साथ मिलकर ली सास की जान।

: दिनेशपुर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहाँ पारिवारिक कलह ने एक वृद्ध महिला की जान ले ली। एक ‘कलयुगी’ बहू ने मामूली विवाद के बाद अपने मायके पक्ष के लोगों को बुलाकर पति और सास पर जानलेवा हमला बोल दिया। इस मारपीट में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी बहू समेत 5 लोगों को हिरासत में ले लिया है।

घटना दिनेशपुर की है, जहाँ रिश्तों का कत्ल कर देने वाली इस वारदात ने सनसनी फैला दी है। जानकारी के अनुसार, प्रसेनजीत शाह का विवाह 4 वर्ष पूर्व काशीपुर की रहने वाली सुरभि से हुआ था। बताया जा रहा है कि शादी के बाद से ही घर में आए दिन विवाद होता रहता था। लेकिन कल रात इस विवाद ने खूनी रूप ले लिया।
बीती रात आरोपी सुरभि ने अपने मायके से 5 लोगों को घर बुलाया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि मायके पक्ष के लोगों ने पति प्रसेनजीत और उनकी 70 वर्षीय माँ संध्या शाह के साथ जमकर मारपीट शुरू कर दी। प्रहार इतना घातक था कि बुजुर्ग संध्या शाह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

इस दौरान पुलिस क्षेत्र अधिकारी दौलत राम वर्मा ने कहा कि हमें सूचना मिली थी कि पारिवारिक विवाद में मारपीट हुई है। इसमें एक 70 वर्षीय महिला की मृत्यु हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हमने तत्काल कार्रवाई करते हुए सुरभि और उसके साथ आए 5 लोगों को हिरासत में ले लिया है। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं, जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों को पकड़ लिया है और पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। लेकिन इस घटना ने एक बार फिर समाज में बढ़ते हिंसक व्यवहार और बिखरते रिश्तों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




