आवासीय मकानों में छिपा साइबर जाल! पुलिस ने दो फर्जी कॉल सेंटरों पर मारा छापा, मोबाइल-लैपटॉप जब्त

Share the news

शहर में अवैध कॉल सेंटरों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो जगहों पर छापेमारी, साइबर ठगी के तारों की जांच जारी

सितारगंज। शहर में बुधवार को पुलिस और साइबर टीम ने साइबर ठगी के संदेह पर एक साथ दो स्थानों पर छापेमारी कर हड़कंप मचा दिया। दोनों जगहों पर चल रहे कॉल सेंटरों में युवक-युवतियां लोन और रिकवरी के नाम पर अवैधानिक गतिविधियों में लिप्त पाए गए।

साइबर टीम प्रभारी सुंदरम शर्मा, कोतवाल नरेश चौहान, एसएसआई विक्रम धामी और महिला पुलिस अधिकारियों की टीम ने मीना बाजार स्थित एक दो मंजिला मकान में दबिश दी। यहां कॉल सेंटर के रूप में कार्य कर रहे युवक-युवतियों से टीम ने करीब सात घंटे तक पूछताछ की। इसके बाद टीम ने चौधरी मार्केट के पास स्थित एक अन्य मकान में भी छापा मारा, जहां अंदर ही अंदर दूसरा कॉल सेंटर संचालित हो रहा था।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने दोनों स्थानों से कई मोबाइल फोन, लैपटॉप और दस्तावेज जब्त किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इन कॉल सेंटरों से फाइनेंस और लोन रिकवरी के नाम पर अवैध तरीके से लोगों से वसूली की जा रही थी। पुलिस को आशंका है कि इनका नेटवर्क ऑनलाइन ठगी गैंग से जुड़ा हो सकता है।

आवासीय मकानों से चल रहा था गुप्त नेटवर्क

जांच में खुलासा हुआ कि दोनों कॉल सेंटर आवासीय भवनों में गुप्त रूप से संचालित किए जा रहे थे। यहां कार्यरत युवक-युवतियां रिकवरी एजेंट के रूप में काम कर रहे थे। पूछताछ के दौरान उनके परिजन भी थाने पहुंचे और हालात को लेकर चिंतित दिखे। फिलहाल पुलिस मुख्य खाताधारकों और लेनदेन से जुड़े खातों की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद ही आधिकारिक बयान जारी किया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *