उधम सिंह नगर में ऑनलाइन ठगी करने वाले अंतरराज्यीय साइबर गिरोह के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। STF ने लक्सर क्षेत्र से गिरोह के सदस्य सौरभ ठाकुर को गिरफ्तार किया है, जिसके बैंक खातों से भारी-भरकम लेनदेन का खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया कि सौरभ और उसका साथी आकाश साइबर ठगी का बड़ा रैकेट चला रहे थे, जिसके तार पाकिस्तान और सऊदी अरब तक जुड़े हुए हैं।
STF को सूचना मिली थी कि ऑनलाइन ठगी से हासिल रकम को कुछ बैंक खातों से लगातार ट्रांसफर किया जा रहा है। ये खाते लक्सर कोतवाली क्षेत्र के तिलकपुरी गांव के लोगों के नाम पर संचालित हो रहे थे। जानकारी जुटाकर STF ने ग्राम तिलकपुरी निवासी सौरभ ठाकुर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह अपने साथी आकाश के साथ मिलकर ठगी की रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करता था। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि सौरभ के दर्जनभर से ज्यादा बैंक खातों में 70 लाख रुपये और आकाश के चार खातों में 14 लाख का लेनदेन हुआ है। इसके अलावा अन्य ग्रामीणों के खातों में भी लाखों रुपये का लेनदेन पाया गया।
पूछताछ में सौरभ ने बताया कि उसकी मुलाकात बांग्ला निवासी श्रेया गुप्ता से आकाश के माध्यम से हुई थी। श्रेया ने उन्हें बैंक खातों का जुगाड़ कराने और ठगी की रकम ट्रांसफर करने पर मोटा कमीशन देने का लालच दिया था। उसने पाकिस्तान और सऊदी अरब के नंबरों से संपर्क करने को कहा, जिनसे सौरभ और आकाश लगातार बातचीत करते रहे। सौरभ ने खुलासा किया कि वह CSC सेंटर चलाता था और वहीं से ग्रामीणों के बैंक खाते और UPI ID इस गिरोह तक पहुंचाए जाते थे।
STF ने आरोपी से एक महंगी कार और मोबाइल बरामद किया है। सौरभ एलएलबी का छात्र है और महंगी कार ठगी की कमाई से खरीदी थी। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर सौरभ को जेल भेज दिया है, जबकि फरार साथी आकाश की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि लगभग डेढ़ करोड़ से अधिक की ठगी का लेनदेन सामने आया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।



