रुद्रपुर: साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में एक बुजुर्ग कर्मी भगवान दास ने फर्जी ड्राई फ्रूट विक्रेता द्वारा की गई ठगी की शिकायत दर्ज कराई है। प्रार्थी ने बताया कि 19 नवंबर को एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को ड्राई फ्रूट सप्लायर बताकर फोन किया और आधी राशि अग्रिम भेजने का दबाव डाला। भरोसा कर पीड़ित ने 1080 रुपये भेज दिए।
इसके बाद 23 नवंबर को आरोपित ने दोबारा संपर्क कर कहा कि पैसे वापस करने के लिए फोनपे पर कोड डालना होगा। ठग ने लगातार 21080, 31080 और 4981 जैसे कोड डालने को कहा। जैसे ही पीड़ित ने ये कोड डाले, उसके एसबीआई खाते से लगातार पैसे कटने लगे। शक होने पर उन्होंने तुरंत 1930 पर शिकायत दर्ज की।
पीड़ित के खाते से कुल 57,141 रुपये निकाल लिए गए। आरोपी पीड़ित से व्हाट्सएप चैट के माध्यम से भी संपर्क में रहा। पीड़ित ने चैट और ट्रांजैक्शन के स्क्रीनशॉट भी पुलिस को उपलब्ध कराए हैं।
साइबर क्राइम पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि किसी भी अज्ञात कॉल, लिंक या कोड पर भरोसा न करें और किसी के कहने पर UPI कोड दर्ज न करें।

