सितारगंज। गौ संरक्षण स्क्वॉड टीम और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में सोमवार सुबह वार्ड 12 से एक बड़ी कार्रवाई सामने आई, जहां एक बाइक से गौवंशीय पशु का मांस बरामद किया गया। विहिप प्रखंड अध्यक्ष अजय भगत को सूचना मिली थी कि इलाके में प्रतिबंधित मांस की सप्लाई की जा रही है, जिसके बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।
टीम ने बाइक को कब्जे में लेकर पशु चिकित्सा विभाग को बुलाया। मौके पर पहुंचे पशु चिकित्साधिकारी डॉ. जितेंद्र कुमार ने मांस के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जाने की पुष्टि की। बरामद मांस कई पॉलीथिन पैकेटों में भरा था, जिन्हें बिक्री के लिए ले जाया जा रहा था।
अजय भगत ने बताया कि सितारगंज के आसपास के गांवों में गौवंशीय पशुओं का अवैध वध कर मांस को बाइकों के जरिए बेचा जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से ऐसे लोगों पर कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सप्लाई चैन से जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है।



