कच्ची शराब के साथ दो गिरफ्तार, यूपी से लाकर कर रहे थे तस्करी
रुद्रपुर, संवाददाता। आबकारी विभाग ने ट्रांजिट कैंप में चेकिंग के दौरान कच्ची शराब के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। जिला आबकारी अधिकारी एनआर जोशी ने बताया कि मुखबिरी की सूचना पर गुरुवार देर रात शाम को ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में संदिग्ध स्कूटी को रोका गया। तलाशी में 5 पेटी मस्तीह ब्रांड देसी मदिरा बरामद हुई। पूछताछ में अभियुक्तों ने प्रीत विहार क्षेत्र में अतिरिक्त स्टॉक की जानकारी दी। टीम ने वहां से 16 पेटी और जब्त की। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सुनील पुत्र महेंद्र पाल निवासी वार्ड 8 रमपुरा और बृजकिशोर, दुकान मालिक वार्ड 25, प्रीत विहार के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि मस्तीह ब्रांड की शराब सीमावर्ती उत्तर प्रदेश में 75 रूपय प्रति पैक बिकती है, जबकि उत्तराखंड में माल्टा ब्रांड 95 रुपए में। इस अंतर का लाभ उठाकर आरोपी आपूर्ति कर रहे थे, जिससे राज्य को राजस्व हानि हो रही थी।
अभियुक्तों के खिलाफ आबकारी अधिनियम मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश करने के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया। कार्रवाई में आबकारी निरीक्षक महेंद्र सिंह बिष्ट, बृजेश जोशी, उप निरीक्षक विजेंद्र सिंह, महेश पंत, देवेंद्र कुमार और सिपाही दीपक दूबे सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।


