किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ के पुत्र और आवास विकास क्षेत्र से पार्षद सौरभ बेहड़ पर हुए हमले के मामले में पुलिस जांच ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस ने इस पूरे हमले को फर्जी साजिश करार देते हुए अब खुद पार्षद सौरभ बेहड़ को ही मुकदमे में नामजद कर दिया है। साथ ही मामले में आपराधिक षड़यंत्र की धारा 120B की बढ़ोत्तरी की गई है।
बताया जा रहा है कि बीते रविवार रात पार्षद सौरभ बेहड़ पर बिना नंबर प्लेट बाइक सवार तीन युवकों ने हमला किया था, जिसमें वह घायल हो गए थे और उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज की और बुधवार देर रात सिडकुल रोड से तीन आरोपियों — वंश कुमार, बादशाह और दीपक सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि यह हमला उन्होंने आदर्श कॉलोनी निवासी इंदर नारंग के कहने पर किया था। जब पुलिस ने इंदर नारंग से पूछताछ की तो उसने बताया कि खुद पार्षद सौरभ बेहड़ ने उससे संपर्क कर हमला कराने को कहा था। वजह यह बताई गई कि पार्षद का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था और वह सहानुभूति पाने के लिए खुद पर हमला कराना चाहता था।
इसके बाद पुलिस ने पार्षद सौरभ बेहड़ को आवास विकास चौकी बुलाकर करीब एक घंटे तक पूछताछ की। बयान और साक्ष्यों के आधार पर एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर पहले से दर्ज मुकदमे में सौरभ बेहड़ को नामजद करते हुए धारा 120B जोड़ दी गई।
वहीं पुलिस ने इस पूरे मामले में निजी अस्पताल की भूमिका की भी जांच शुरू कर दी है। एसएसपी ने बताया कि इलाज करने वाले डॉक्टर, दी गई दवाओं और उपचार की सत्यता जांचने के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी को पत्राचार किया जा रहा है।



