रुद्रपुर, संवाददाता। किच्छा रोड स्थित कल्याणी नदी के किनारे नगर निगम ने शुक्रवार को अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की। पुलिस फोर्स और राजस्व विभाग की मौजूदगी में निगम का बुलडोजर चला। यह कार्रवाई उच्च न्यायालय के आदेश पर की गई।
नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल ने बताया कि संबंधित भूमि निगम की नजूल भूमि है, जिस पर 7 से 8 बीघा क्षेत्र में कब्जा किया गया था। कब्जाधारियों ने 2016 में फर्जी दस्तावेजों, राशन कार्ड और टैक्स लगाकर कोर्ट से स्टे हासिल किया था। बाद में मामला उच्च न्यायालय पहुंचा, जहां 2019 से स्टे चल रहा था। इस दौरान कब्जाधारियों ने 10 रुपए के स्टांप पेपर पर जमीन दूसरों को बेच दी।
नगर निगम की अनदेखी के चलते यह खेल वर्षों तक चलता रहा। शिकायतें मिलने पर मुकदमा दर्ज हुआ और एक आरोपी को जिला बदर भी किया गया। शुक्रवार को हाईकोर्ट ने स्टे खारिज कर दिया, जिसके बाद निगम ने राजस्व और पुलिस टीम की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाया।
नगर आयुक्त ने कहा कि यह निगम की बेहद कीमती भूमि है। यहां विकास कार्य कराए जाएंगे, जिसके लिए डीपीआर तैयार कर शासन को भेजी जाएगी।



