किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, धान खरीद में अनियमितता, बिजली बिल माफी व गन्ना मूल्य बढ़ाने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट में दिया धरना

Share the news

रुद्रपुर। किसानों की ज्वलंत समस्याओं को लेकर सोमवार को किसान कांग्रेस कमेटी के बैनर तले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार धरना प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हरेंद्र सिंह लाडी के नेतृत्व में किया गया, जिसमें जिलेभर से बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए।

प्रदर्शन के दौरान धान खरीद में अनियमितता, बकाया भुगतान, गन्ने का समर्थन मूल्य 500 रुपये प्रति क्विंटल करने, किसानों के बिजली बिल माफ करने, खाद की किल्लत और रजिस्ट्री बंद होने जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। साथ ही तहसील बाजपुर के अंतर्गत 20 गांवों की भूमि विवाद का शीघ्र समाधान करने और धान की 26 व 31 वैरायटी की खरीद सुनिश्चित करने की मांग की गई।

हरेंद्र सिंह लाडी ने कहा कि किसानों की नौ सूत्रीय मांगों को लेकर सरकार को चेताया जा रहा है, जिसमें यह भी शामिल है कि धान खरीद का मूल्य एक सप्ताह के भीतर अदा किया जाए। धरना प्रदर्शन के जरिए कांग्रेस ने सरकार को किसान हितों की अनदेखी न करने की चेतावनी दी। धरने में पूर्व विधायक संजीव आर्य, जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा, महानगर अध्यक्ष सीपी शर्मा, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष संदीप चीमा, अनिल शर्मा, मीना शर्मा और प्रेमानंद महाजन सहित कई कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *