दिल्ली महारैली को सफल बनाने को रुद्रपुर में कांग्रेस की रणनीति तेज, विधायक तिलक राज बेहड़ ने भाजपा पर संविधान हत्या और वोट चोरी के गंभीर आरोप लगाए

Share the news

रुद्रपुर से बड़ी राजनीतिक खबर | 14 दिसंबर की ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ महारैली को लेकर कांग्रेस की तैयारी तेज

रुद्रपुर। केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ 14 दिसंबर को दिल्ली में प्रस्तावित ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ महारैली को सफल बनाने के लिए कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में काशीपुर बायपास रोड स्थित सिटी क्लब में विधायक तिलक राज बेहड़ की अध्यक्षता में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित हुई, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

बैठक में विधायक बेहड़ ने भाजपा सरकार पर संविधान की हत्या और वोट चोरी के माध्यम से राज्यों में सरकारें बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश की जनता अब समझ चुकी है कि भाजपा उनके अधिकारों से खिलवाड़ कर रही है। आने वाला समय कांग्रेस का होगा क्योंकि कांग्रेस सभी समाज के वर्गों का सम्मान करती है, जबकि भाजपा एक विशेष वर्ग को निशाना बना रही है।

 

बेहड़ ने खेड़ा स्थित ईदगाह को लेकर कहा कि यह कई दशकों पुरानी धार्मिक स्थल है, जिसमें भाजपा के तत्कालीन नगर पालिका अध्यक्ष सुभाष चतुर्वेदी और उपाध्यक्ष चंदन बेग भी जाते थे, इसके बावजूद इसे नजूल बताकर निशाना बनाया गया।

 

उन्होंने दावा किया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में दिल्ली में होने वाली यह महारैली ऐतिहासिक होगी और भाजपा की जड़ें हिला देगी। कांग्रेस की सरकार बनते ही भाजपा की विवादित नीतियों को समाप्त किया जाएगा।

 

महारैली के उधम सिंह नगर प्रभारी मोहनखेड़ा ने संगठन में एकजुटता पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि रैली के लिए वाहनों की व्यवस्था कर दी गई है और जनपद से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के पहुंचने की उम्मीद है।

 

बैठक में कांग्रेस नगर अध्यक्ष ममता रानी, व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा, मोनिका ढाली, प्रीति साना, दिनेश पंत, परिमल राय, विक्रम सिंह विर्क, राजेंद्र मिश्रा, प्रकाश शर्मा, गौरव खुराना, गौरव गिरी, सौरभ बेहड़, राजीव कोहली, इंद्रजीत सिंह, जितेश शर्मा समेत अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *