कॉलेज में हंगामा — नामांकन निरस्त होने से नाराज़ छात्रा ने पेट्रोल की बोतल लेकर दी आत्मदाह की धमकी, पुलिस ने बचाया

Share the news

रुद्रपुर। सिसौना महाविद्यालय में गुरुवार को उस समय अफरातफरी मच गई जब छात्रसंघ अध्यक्ष पद का नामांकन निरस्त होने से नाराज़ एक छात्रा हाथ में पेट्रोल की बोतल लेकर कॉलेज की छत पर चढ़ गई और आत्मदाह की धमकी देने लगी। करीब डेढ़ घंटे तक चले इस घटनाक्रम ने पूरे कॉलेज परिसर में सनसनी फैला दी।

 

सूत्रों के अनुसार, छात्रा का कहना था कि उसका नामांकन अनुचित तरीके से निरस्त किया गया है। इसी बात से क्षुब्ध होकर वह गुरुवार सुबह कॉलेज पहुंची और प्रशासन से कार्रवाई की मांग करने लगी। जब उसकी बात नहीं सुनी गई, तो उसने आक्रोश में पेट्रोल की बोतल लेकर छत पर चढ़कर आत्मदाह की धमकी दे दी।

 

घटना की सूचना मिलते ही कॉलेज प्रशासन और सिडकुल पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने छात्रा से लंबी बातचीत कर उसे शांत करने की कोशिश की। लगभग डेढ़ घंटे के प्रयास के बाद पुलिस और कॉलेज प्रशासन के समझाने पर छात्रा सुरक्षित नीचे उतर आई।

 

कॉलेज प्राचार्य रेनू बंसल ने बताया कि छात्रा के प्रार्थना पत्र पर विधिक प्रक्रिया जारी है और इस संबंध में जिला शासकीय अधिवक्ता से राय मांगी गई है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

➡️ घटना के बाद कॉलेज प्रशासन ने परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और अनुशासन सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *