खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बृहस्पतिवार को खटीमा-मेलाघाट राज्य मार्ग (राज्य मार्ग संख्या 107) के पुनर्निर्माण कार्यों का विधिवत पूजा-अर्चना कर शिलान्यास किया। यह परियोजना 2089.74 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत की गई है और 11.50 किलोमीटर लंबी सड़क के पुनर्निर्माण, ड्रेनेज सिस्टम, सड़क सुरक्षा उपाय और रोड साइनएज की स्थापना शामिल हैं।
सीएम धामी ने कहा कि यह सड़क खटीमा क्षेत्र के विकास की धुरी होने के साथ भारत-नेपाल सीमावर्ती संपर्क का भी महत्वपूर्ण मार्ग है। सड़क के सुधारीकरण से ग्रामीण क्षेत्रों में सुगम यातायात, सीमावर्ती व्यापार, पर्यटन और शिक्षा के नए अवसर खुलेंगे। उन्होंने भू-कटाव रोकने और जल निकासी सुधार पर भी विशेष ध्यान देने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने खटीमा को शिक्षा का हब बताया और कहा कि उत्तराखंड सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कनेक्टिविटी के संकल्प के अनुरूप सड़क विकास और आधुनिकीकरण तेजी से कर रही है। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, रुद्रपुर मेयर विकास शर्मा, खटीमा पालिका अध्यक्ष रमेश जोशी, डीएम नितिन भदौरिया, एसएसपी मणिकांत मिश्रा सहित कई लोग उपस्थित रहे।




