सीएम धामी नाराज़: छात्रा साक्षी की डिग्री न मिलने पर सचिवों को जांच के आदेश, जिम्मेदार पर होगी कार्रवाई

Share the news

देहरादून। उत्तराखंड में जनता की शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए संचालित सीएम हेल्पलाइन 1905 की समीक्षा बैठक में शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।

बैठक के दौरान यह मामला सामने आया कि श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय, टिहरी की छात्रा साक्षी की डिग्री से जुड़ी शिकायत का समाधान नहीं हुआ। इस पर नाराजगी जताते हुए सीएम धामी ने सचिव आईटी और सचिव उच्च शिक्षा को एक सप्ताह में जांच कर रिपोर्ट सौंपने और जिम्मेदार अधिकारी पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने आदेश दिया कि छात्रा को सात दिन के भीतर डिग्री उपलब्ध कराई जाए।

 

सीएम धामी ने कहा कि विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में हेल्प डेस्क बनाए जाएं ताकि छात्रों की समस्याओं का समय पर समाधान हो सके। उन्होंने बिजली, पानी, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों के तत्काल निस्तारण पर जोर दिया।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिलाधिकारी हर हफ्ते, सचिवगण महीने में दो बार और मुख्य सचिव महीने में एक बार हेल्पलाइन की समीक्षा करें। तीन माह से अधिक समय से लंबित शिकायतों को विशेष अभियान चलाकर निपटाने के भी निर्देश दिए।

 

सीएम धामी ने कहा कि समस्याओं का समाधान तभी माना जाएगा जब शिकायतकर्ता पूरी तरह संतुष्ट होगा। साथ ही सभी विभागों को निर्देश दिया गया कि हर महीने की 5 तारीख तक हेल्पलाइन शिकायतों की स्थिति रिपोर्ट मुख्यमंत्री कार्यालय में प्रस्तुत करें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *