चाइनीज मांझे का कहर, बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल — प्रशासन ने की सख्त कार्रवाई की घोषणा

Share the news

हरिद्वार। पुलिस और प्रशासन की सख्ती के बाद भी शहर में चाइनीज मांझे की बिक्री थम नहीं रही है। बुधवार 26 नवंबर को प्रतिबंधित मांझे के कारण एक और बड़ा हादसा हो गया। सप्तऋषि फ्लाईओवर पर बाइक सवार युवक चाइनीज मांझे की चपेट में आकर बुरी तरह घायल हो गया। घायल युवक की हालत फिलहाल गंभीर बताई जा रही है।

 

जानकारी के अनुसार भूपतवाला निवासी 25 वर्षीय करण शर्मा रात को बाइक से घर लौट रहा था। जैसे ही वह सप्तऋषि फ्लाईओवर पर पहुंचा, अचानक उसकी गर्दन पर तेज धार वाला चाइनीज मांझा लिपट गया। मांझे के तेज खिंचाव से युवक की गर्दन कट गई और वह वहीं सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और घायल युवक को तुरंत प्रेम अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार करण के गले में गहरा जख्म है और कई टांके लगाने पड़े हैं। राहत की बात यह रही कि मांझा उसकी सांस की नली को नहीं काट सका, वरना हादसा जानलेवा साबित हो सकता था।

 

हादसे की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को चाइनीज मांझे की बिक्री पर तुरंत रोक लगाने के निर्देश जारी कर दिए। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित मांझा बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और जिले में विशेष अभियान चलाया जाएगा।

 

गौरतलब है कि हरिद्वार में चाइनीज मांझे से होने वाले हादसे नए नहीं हैं। इससे पहले भी कई लोग घायल हो चुके हैं और कुछ मामलों में मौत भी हुई है। पक्षियों के लिए भी यह मांझा भारी खतरा बना हुआ है। हर बार घटनाओं के बाद कार्रवाई होती है, लेकिन समय बीतते ही स्थिति फिर ढीली पड़ जाती है और ऐसे हादसे दोहराए जाते हैं।

 

पुलिस और प्रशासन ने इस बार सख्त रुख अपनाने का भरोसा दिलाया है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *