रुद्रपुर: बच्चा चोरी के शक में महिला पकड़ी, लोगों ने की पिटाई, बच्चा सकुशल बरामद
ट्रांजिट कैम्प कोतवाली क्षेत्र में बच्चा चोरी की बढ़ती घटनाओं को लेकर लोगों में दहशत का माहौल बनता जा रहा है। सोमवार सुबह कृष्णा कॉलोनी में एक महिला को तीन वर्षीय मासूम को चुरा कर ले जाते हुए लोगों ने पकड़ लिया। भीड़ ने महिला की जमकर पिटाई कर दी, बाद में मौके पर पहुंची पुलिस को महिला को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार, कृष्णा कॉलोनी निवासी रजत की तीन वर्षीय बेटी घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान एक अज्ञात महिला वहां पहुंची और बच्ची को अपने साथ ले जाने लगी। आसपास मौजूद लोगों को जब महिला की हरकत संदिग्ध लगी तो उन्होंने शोर मचा दिया। शोर सुनकर लोग मौके पर एकत्र हो गए और महिला का पीछा करने लगे।
बताया जा रहा है कि महिला बच्ची को लेकर शास्त्री नगर की ओर तेजी से जा रही थी, लेकिन कुछ ही दूरी पर लोगों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद भीड़ ने बच्ची को उसके कब्जे से छुड़ाकर सुरक्षित परिजनों को सौंप दिया। गुस्साए लोगों ने महिला की मौके पर ही पिटाई शुरू कर दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ के चंगुल से महिला को छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। इसके बाद महिला को कोतवाली ले जाया गया, जहां पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
गौरतलब है कि रविवार को भी ट्रांजिट कैम्प के ठाकुरनगर मोहल्ले में बच्चा चोरी के शक में एक महिला को लोगों ने पकड़कर पीट दिया था। बाद में पुलिस ने उसे मानसिक रूप से कमजोर बताकर छोड़ दिया था। वहीं सोमवार को ही रविंद्रनगर मोहल्ले से भी एक बच्चा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। परिजनों ने पुलिस को सूचना देकर बच्चा चोरी की आशंका जताई है।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से क्षेत्र में बच्चों की सुरक्षा को लेकर लोगों में भय का माहौल है। पुलिस का कहना है कि सभी मामलों की गंभीरता से जांच की जा रही है और सत्य सामने आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।




