गुरुकुल हेलीपैड पर सुरक्षा घेरे को लेकर तकरार, CM से की शिकायत
Pushkar Singh Dhami के हरिद्वार दौरे के दौरान गुरुकुल हेलीपैड पर उस समय विवाद खड़ा हो गया, जब दर्जाधारी मंत्रियों और भाजपा पदाधिकारियों को सुरक्षा घेरे में जाने से रोक दिया गया। मामला बढ़ता देख मौके पर मौजूद अधिकारियों को बीच-बचाव करना पड़ा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मंगलवार को मुख्यमंत्री हरिद्वार पहुंचे थे। वे बैरागी कैंप में प्रस्तावित कार्यक्रमों की तैयारियों का जायजा लेने आए थे। हेलीकॉप्टर लैंडिंग से पहले सुरक्षा एजेंसियों ने हेलीपैड पर रस्सी से घेरा बनाकर आवाजाही सीमित कर दी। इसी दौरान दर्जाधारी राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि, सुनील सैनी, भाजपा जिला महामंत्री संजीव चौधरी, हीरा सिंह बिष्ट और अन्य पदाधिकारी अंदर जाने लगे।
प्रोटोकॉल का हवाला देते हुए सुरक्षा कर्मियों ने कुछ नेताओं को रोक दिया। इससे नाराज होकर ओमप्रकाश जमदग्नि ने आपत्ति जताई और हंगामा खड़ा हो गया। आरोप है कि इस दौरान अधिकारियों और नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
बताया जा रहा है कि Abhay Pratap Singh पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया गया। वहीं Manish Singh मौके पर पहुंचे और नाराज नेताओं को समझाने का प्रयास किया।
इसी बीच मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर लैंड हो गया। बाद में अधिकारियों के हस्तक्षेप से मामला शांत कराया गया और नेताओं को मुख्यमंत्री से मिलने दिया गया। नेताओं ने मुख्यमंत्री से शिकायत करते हुए कहा कि कार्यक्रमों में उन्हें बार-बार रोका जाता है और कार्यकर्ताओं के साथ उचित व्यवहार नहीं होता।
हालांकि बाद में ओमप्रकाश जमदग्नि ने बयान जारी कर कहा कि यह केवल गलतफहमी थी और मामला आपसी बातचीत से सुलझा लिया गया है। उन्होंने कहा कि अब किसी प्रकार की नाराजगी नहीं है।



