रुद्रपुर। शहर के व्यस्त गांधी आश्रम मार्ग पर दिनदहाड़े कार चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। चंद मिनटों के भीतर अज्ञात युवक लॉक कार को मास्टर चाबी से खोलकर फरार हो गया। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है, वहीं पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक बगवाड़ा निवासी जगरूप सिंह अपनी बोलेनो कार (संख्या यूपी17 एक्स 7543) से एक परिचित के साथ गांधी पार्क स्थित गांधी आश्रम मार्ग पर पहुंचे थे। यहां वह अपनी कार खड़ी कर पास ही एक ड्राईक्लीनर की दुकान पर गए। इसी दौरान भूख लगने पर दोनों पास के एक ढाबे में राजमा-चावल खाने चले गए।
बताया जा रहा है कि महज पांच मिनट बाद जब जगरूप सिंह की नजर अपनी कार की ओर गई तो वह वहां मौजूद नहीं थी। घबराए कार स्वामी ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, जिस पर पता चला कि एक युवक मोबाइल फोन पर बात करते हुए आया और बड़ी सफाई से कार का लॉक खोलकर उसे लेकर फरार हो गया।
पीड़ित ने तुरंत संदिग्ध का पीछा करने की कोशिश भी की, लेकिन तब तक वह आंखों से ओझल हो चुका था। इसके बाद डायल 100 पर सूचना दी गई, जिस पर बाजार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। फुटेज में एक युवक कार ले जाते हुए दिखाई दे रहा है, जिससे पुलिस को अहम सुराग मिले हैं।
कार स्वामी के अनुसार उन्होंने यह वाहन वर्ष 2024 में खरीदा था और रविवार को बाजार के काम से आए थे। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है और आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।



