चमोली जिले के गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में सोमवार से उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत्र शुरू हो गया है। सत्र के पहले दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य का बजट पेश किया। सरकार ने बजट के दौरान विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों से जुड़े आंकड़े भी सदन के सामने रखे। वहीं सत्र के दूसरे दिन सरकार की ओर से विभिन्न विधेयकों को पेश करने की तैयारी की जा रही है।
इधर बजट सत्र के दौरान विपक्षी कांग्रेस विधायकों का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। कांग्रेस विधायकों ने सरकार पर सत्र की अवधि कम रखने और विपक्ष को पर्याप्त समय न देने का आरोप लगाया है। इसी को लेकर कांग्रेस विधायक सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले विधानसभा की मुख्य सीढ़ियों पर धरने पर बैठ गए। हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर कांग्रेस विधायक सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे, जिससे विधानसभा में प्रवेश का मुख्य रास्ता भी कुछ देर के लिए बाधित हो गया।
स्थिति यह रही कि विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी और अन्य विधायकों को किनारे से सीढ़ियां चढ़कर सदन के अंदर प्रवेश करना पड़ा। इस दौरान एक दिलचस्प नजारा भी देखने को मिला। संसदीय कार्यमंत्री सुबोध उनियाल मुख्य सीढ़ियों पर बैठे कांग्रेस विधायक तिलकराज बेहड़ को हाथ पकड़कर उठाने की कोशिश करते नजर आए। हालांकि बेहड़ अपनी जगह से नहीं उठे और धरने पर ही डटे रहे। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने हल्के-फुल्के अंदाज में पूछा कि यह रास्ता किसने जाम किया है, जिस पर कांग्रेस के कई विधायक एक साथ बोले—‘मैंने किया, मैंने किया।’
कांग्रेस का कहना है कि बजट सत्र की अवधि बढ़ाई जानी चाहिए ताकि जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हो सके। साथ ही कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि परंपरा के अनुसार राज्यपाल के अभिभाषण के तुरंत बाद बजट पेश नहीं किया जाता, लेकिन इस बार सरकार ने जल्दबाजी में ऐसा किया है। विपक्ष का आरोप है कि सरकार बजट पर पर्याप्त चर्चा से बचते हुए उसे जल्द पास कराना चाहती है।




