
जसपुर। एक महिला ने अपने पति के दोस्त और उसके साथी पर तमंचे के बल पर दुष्कर्म करने और घटना का वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।





घटना का विवरणः
नगर निवासी पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पति का दोस्त सलीम अहमद अक्सर उनके घर आता-जाता था। करीब एक माह पहले सलीम घर आया और पति के बारे में पूछने लगा। पति के न होने पर वह जबरन घर में घुस आया और तमंचे के बल पर जान से मारने की धमकी देते हुए उसके साथ दुष्कर्म किया। जब पीड़िता ने शोर मचाने की कोशिश की, तो सलीम ने उसे गोली मारने की धमकी दी और इस दौरान उसने घटना का वीडियो भी बना लिया।
14 नवंबर को दोबारा वारदात
पीड़िता ने आगे बताया कि 14 नवंबर 2024 को सलीम अपने साथी वसीम को लेकर फिर से उसके घर में घुस आया। उस वक्त पति घर पर नहीं था और बच्चे पढ़ने गए थे। आरोप है कि सलीम ने पहले वीडियो वायरल करने की धमकी दी और फिर तमंचे के बल पर दोबारा दुष्कर्म किया, इसके बाद वसीम ने भी उसके साथ जबरदस्ती की। दोनों ने धमकाया कि अगर किसी को बताया तो वीडियो वायरल कर देंगे।
पुलिस कार्रवाई
पीड़िता की शिकायत के आधार पर कोर्ट के आदेश पर दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है। सीओ काशीपुर-जसपुर दीपक सिंह ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।