शादी से एक दिन पहले दुल्हन प्रेमी संग फरार, बाजपुर में रुक गईं तैयारिया
बाजपुर। शादी से एक दिन पहले दुल्हन के अपने प्रेमी संग फरार होने की खबर से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बाजपुर नगर क्षेत्र में यह मामला रविवार को दिनभर चर्चा का विषय बना रहा।
जानकारी के अनुसार, बाजपुर निवासी एक युवक की शादी उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले की एक युवती से तय हुई थी। दो नवंबर को बारात चढ़नी थी। दुल्हन पक्ष के लोग रविवार को बाजपुर पहुंचकर रस्में पूरी करने वाले थे, वहीं लड़के पक्ष ने स्थानीय मैदान में भव्य समारोह की तैयारियां कर ली थीं। टेंट, लाइटिंग और सजावट का काम जोरों पर था कि तभी शनिवार देर रात दुल्हन के घर से अचानक गायब होने की सूचना आई।
खबर मिलते ही दूल्हे के परिवार में अफरा-तफरी मच गई। रिश्तेदारों और बारातियों में भी निराशा छा गई। रविवार सुबह हड़बड़ी में टेंट और सजावट हटाई गई। टेंट संचालक और आयोजनकर्ता भी असमंजस में नजर आए।
बताया जा रहा है कि दुल्हन किसी अन्य युवक के साथ प्रेम संबंध में थी और उसी के साथ घर छोड़कर चली गई। मामले की सूचना पुलिस तक पहुंचने की नौबत आई, लेकिन दोनों पक्षों के संभ्रांत लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत करा दिया।
फिलहाल दोनों परिवारों के बीच समझौता हो गया बताया जा रहा है, लेकिन यह घटना बाजपुर नगर में चर्चा का मुख्य विषय बनी हुई है।




