
रुद्रपुर। इंस्टाग्राम पर कमेंट का विवाद इतना बढ़ उठा कि दो गुटों में खूनी संघर्ष शुरू हो गया। जिसमें फायरिंग से आस पास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। हालांकि फायरिंग से एक युवक घायल हुआ था, जिसे जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां उसका उपचार चल रहा है।
बताते चलें रुद्रपुर के ट्रांजिट कैम्प थानाक्षेत्र के फुलसुंगी में हथियारों से लैस आधा दर्जन युवकों में विवाद हो गया। विवाद की वजह इंस्टाग्राम पर कमेंट बताया जा रहा है। बातचीत करने आये एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के युवक के सर से तमंचा सटाकर फायरिंग कर दी। जिसमें गोली युवक के सर से सटकर निकल गयी। गोली छूकर निकलने से युवक घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। वहीं फायरिंग की वारदात से मौहल्ले में भय का माहौल है। घायल युवक डेरी संचालक है, जो थाना क्षेत्र में अस्पताल में भर्ती अपने परिचित से मिलने आया था। पूरे मामले में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया। सीओ अभय प्रताप सिंह व ट्रांजिट कैम्प एसओ सुंदरम शर्मा फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मौके से तमंचा व कारतूस बरामद किए हैं। साथ ही वारदात को अंजाम देने वाले युवकों की तलाश शुरू कर दी है और गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।




