पारिश्रमिक कटौती से नाराज़ ब्लिंकिट डिलीवरी ब्वॉय हड़ताल पर, 24 घंटे से कार्यालय गेट पर धरना

Share the news

रुद्रपुर। नामी डिलीवरी कंपनी ब्लिंकिट के डिलीवरी कर्मचारियों ने पारिश्रमिक और प्रोत्साहन राशि में कटौती का आरोप लगाते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। बीते 24 घंटे से डिलीवरी ब्वॉय आवास विकास स्थित कंपनी कार्यालय के गेट के बाहर धरने पर बैठे हुए हैं, जिससे कंपनी की डिलीवरी व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है।

डिलीवरी ब्वॉय का कहना है कि वे दो सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल पर गए हैं और जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक काम पर वापस नहीं लौटेंगे। कर्मचारियों के अनुसार, पहले दस घंटे की डिलीवरी शिफ्ट में उन्हें 700 से 800 रुपये तक की शुद्ध बचत हो जाती थी, लेकिन कंपनी द्वारा भुगतान दरों में कटौती किए जाने के बाद उनकी कमाई घटकर लगभग 500 रुपये रह गई है। इससे उनके दैनिक खर्च और पारिवारिक जिम्मेदारियों को निभाना बेहद मुश्किल हो गया है।

डिलीवरी कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि कंपनी ने रेट कार्ड के तहत अधिक डिलीवरी करने पर मिलने वाली 10 से 12 रुपये प्रति डिलीवरी की प्रोत्साहन राशि में भी कटौती कर दी है। उनका कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई के बीच आय में इस तरह की कटौती से आर्थिक संकट और गहरा गया है।

कर्मचारियों ने बताया कि इससे पहले भी उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी समस्याएं कंपनी प्रबंधन के सामने रखी थीं और धरना-प्रदर्शन कर ध्यान आकर्षित किया था, लेकिन उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी कारण मजबूर होकर डिलीवरी ब्वॉय ने अनिश्चितकालीन हड़ताल और धरना देने का निर्णय लिया है।

हड़ताल के चलते क्षेत्र में ब्लिंकिट की डिलीवरी सेवाएं पूरी तरह प्रभावित हैं, जिससे कंपनी को भारी आर्थिक नुकसान होने की संभावना जताई जा रही है। धरने में उमेश ठाकुर, हरविंदर सिंह, राजकुमार, विनोद, प्रवीण ठुकराल, दिनेश, गोपाल, अजय, सुमित गुप्ता, रणजीत सिंह, राजेंद्र, जसपाल सिंह, अरुण और कुलदीप सिंह सहित बड़ी संख्या में डिलीवरी कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *