रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में एक युवती को पूर्व प्रेमी से संबंध तोड़ना महंगा पड़ गया। आरोप है कि युवक उसे पुरानी तस्वीरें दिखाने की धमकी देकर बार-बार मिलने के लिए दबाव बना रहा था। जब युवती ने मिलने से इनकार किया तो रविवार शाम युवक उसके किराए के कमरे तक पहुंच गया।
घटना की जानकारी पड़ोसियों को मिली तो लोग भड़क उठे और आरोपित युवक को पकड़कर उसकी जमकर धुनाई कर दी। इसके बाद सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे एसआई अकरम पुलिसकर्मियों के साथ युवक और युवती दोनों को थाने ले आए।
थानाध्यक्ष ट्रांजिट कैंप मोहन पांडे ने बताया कि यह प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला है। युवती ने युवक पर पुरानी तस्वीरें दिखाकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है, हालांकि युवक के मोबाइल की जांच में कोई तस्वीर बरामद नहीं हुई। फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना से क्षेत्र में हंगामा खड़ा हो गया और काफी देर तक लोग मौके पर जुटे रहे। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसे मामलों में कानून को अपने हाथ में न लें और तुरंत सूचना पुलिस को दें।




