भाजपा नेता पर कांग्रेस नेत्री के बेटे से मारपीट का आरोप, आवास विकास चौकी पर हंगामा, भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने, धरना-प्रदर्शन के बीच पुलिस जांच शुरू

Share the news

संवाददाता, रुद्रपुर।

ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र की आवास विकास चौकी शुक्रवार शाम उस वक्त सियासी अखाड़े में तब्दील हो गई, जब एक भाजपा नेता द्वारा महिला कांग्रेस नगराध्यक्ष के बेटे पर हमला करने के आरोप के बाद भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते चौकी परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई और दोनों दलों के समर्थकों ने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना की शुरुआत ट्रांजिट कैंप मार्ग पर उस समय हुई, जब महिला कांग्रेस की नगराध्यक्ष मोनिका ढाली का बेटा कुणाल ढाली सड़क से गुजर रहा था। इसी दौरान वहां तीन किशोरियों के बीच विवाद हो रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुणाल विवाद शांत कराने के लिए रुका ही था कि तभी जगतपुरा के पार्षद पति व भाजपा नेता राधेश शर्मा मौके पर पहुंचे और किशोरियों से अभद्र व्यवहार के आरोप लगाते हुए कुणाल से हाथापाई शुरू कर दी। घटना की सूचना मिलते ही राजनीतिक माहौल गरमा गया।

कुछ ही देर में आवास विकास क्षेत्र के पार्षद एवं किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ के पुत्र सौरभ राज बेहड़ समर्थकों के साथ चौकी पहुंच गए। उधर भाजपा नेता राधेश शर्मा भी अपने समर्थकों संग चौकी आ धमके। दोनों पक्षों के आमने-सामने आते ही तीखी नोकझोंक शुरू हो गई, जो जल्द ही आरोप-प्रत्यारोप और हंगामे में बदल गई। महिला कांग्रेस नगराध्यक्ष ने भी भाजपा नेता पर गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर खरी-खोटी सुनाई।

धरना-प्रदर्शन और हंगामे की सूचना पर ट्रांजिट कैंप प्रभारी मोहन चंद्र पांडेय और आवास विकास चौकी प्रभारी प्रकाश चंद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों से लिखित तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनाक्रम की जांच निष्पक्ष रूप से की जाएगी और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

इस बीच, सौरभ राज बेहड़ ने भाजपा नेता राधेश शर्मा पर हत्या कराने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया। उनका कहना है कि चौकी पहुंचते ही भाजपा नेता ने हाथापाई का प्रयास किया और बदमाशों के जरिए जान से मारने की धमकी दी। वहीं भाजपा नेता राधेश शर्मा ने पलटवार करते हुए सौरभ राज बेहड़ पर पुलिस के सामने हाथापाई करने का आरोप लगाया और कहा कि पूरी घटना सीसीटीवी में कैद है।

मामले में उस वक्त और तनाव बढ़ गया, जब व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा के साथ भी भाजपा नेता की तीखी बहस हो गई। जुनेजा ने पुलिस जांच के दौरान धमकी भरे लहजे पर आपत्ति जताते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया। फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर जांच तेज कर दी है और कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *