रुद्रपुर। कांग्रेस पार्टी ने भाजपा नेता बेखर वर्मा और भाजपा उत्तराखंड आईटी सेल के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए रुद्रपुर पुलिस को एक प्रार्थना पत्र सौंपा है। कांग्रेस ने मांग की है कि दोनों के खिलाफ फेक न्यूज व मानहानि फैलाने के मामले में आपराधिक प्राथमिकी दर्ज की जाए।
प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि 21 नवम्बर 2025 को देहरादून स्थित वन विभाग मुख्यालय, राजपुर रोड पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में वन्यजीव-मानव संघर्ष से हो रही जनहानि के विरोध में शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया था। इस दौरान गोदियाल ने मात्र सांकेतिक तरीके से प्लास्टिक खिलौना गन का उपयोग कर सरकार का ध्यान समस्या की ओर आकर्षित किया था।
आरोप है कि इस प्रतीकात्मक प्रदर्शन को भाजपा आईटी सेल और उसके पूर्व अध्यक्ष बेखर वर्मा ने विकृत स्वरूप में सोशल मीडिया पर प्रस्तुत किया। कांग्रेस के अनुसार, दोनों ने फेक न्यूज फैलाते हुए गणेश गोदियाल को विभिन्न आतंकी संगठनों के प्रमुख के रूप में दर्शाया, जिससे न केवल उनकी छवि धूमिल हुई बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों पर भी आघात पहुंचा है।
कांग्रेस ने इस कृत्य को मानहानि, आईटी अधिनियम और फेक न्यूज से संबंधित प्रावधानों का स्पष्ट उल्लंघन बताया है। पार्टी ने पुलिस से मांग की है कि मामले में निष्पक्ष जांच करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर प्राथमिकी दर्ज की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार के भ्रामक और राजनीतिक रूप से प्रेरित दुष्प्रचार पर रोक लग सके।




