आर्मी में नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी नियुक्ति प्रमाणपत्र देकर युवाओं से 65 लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले सेना से सेवानिवृत्त नायक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है।
31 नवंबर 2023 को कनालीछीना के ख्वांतड़ी ग्वेता निवासी हिमांशु कुमार ने पुलिस कार्यालय पिथौरागढ़ में तहरीर सौंपी थी। इसमें उन्होंने कहा था कि देवेंद्र कुमार निवासी ग्राम बजानी पोस्ट कालिका आठ कुमाऊं रेजीमेंट से सेवानिवृत्त है। उसने नौकरी का प्रलोभन देते हुए फर्जी नियुक्ति प्रमाणपत्र देकर 5,50,000 रुपये की धोखाधड़ी की है। इसके अलावा उसके एक अन्य साथी के साथ भी नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी की गई है।
तहरीर के आधार पर देवेंद्र कुमार के खिलाफ कनालीछीना में धारा 420, 504 व 506 में मुकदमा पंजीकृत किया गया। जांच अधिकारी एसआई जगत सिंह रौंकली को पता चला कि देवेंद्र कुमार ने जिले में अन्य लोगों से भी नौकरी लगाने के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी की है। उसके खिलाफ कनालीछीना, कोतवाली पिथौरागढ़, थाना जाजरदेवल और बलुवाकोट में भी केस दर्ज है।
पुलिस टीम ने साइबर सेल और फाइनेंशियल फ्रॉड यूनिट ने बैंक लेन-देन का विवरण चेक किया। पुलिस ने नामजद आरोपी देवेंद्र कुमार को धारचूला से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 467, 468 व 471 बढ़ा दी है।
ठगी के आरोपी को धारचूला से गिरफ्तार कर लिया गया है। उसने लगभग 65 लाख रुपये की ठगी की है। पुलिस उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है। – लोकेश्वर सिंह, एसपी, पिथौरागढ़।




