रुद्रपुर। खुद को पत्रकार बताने वाले एक व्यक्ति पर धमकी देने और जबरन वसूली के प्रयास का गंभीर आरोप लगा है। मामले में पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने पर पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली, जिसके बाद कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर के बिगवाड़ा क्षेत्र स्थित रॉयल रेजीडेंसी निवासी चन्द्रशेखर पाण्डेय ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि विनोद कुमार नामक व्यक्ति, जो खुद को “रियल न्यूज चैनल” का पत्रकार और संपादक बताता है, ने उन्हें लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।
पीड़ित के अनुसार, जून 2025 में प्रॉपर्टी खरीदने के बहाने संपर्क में आए विनोद कुमार ने कुछ ही दिनों में उनके कार्य में अनावश्यक दखल देना शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और कथित रूप से अवैध वसूली का दबाव भी बनाया।
शिकायत में बताया गया है कि आरोपी ने अलग-अलग तिथियों—24 सितंबर और 21 अक्टूबर 2025—को फोन कॉल के जरिए धमकी दी। इन कॉल्स की रिकॉर्डिंग पीड़ित के पास सुरक्षित है, जिसे पेन ड्राइव के रूप में न्यायालय में साक्ष्य के तौर पर प्रस्तुत किया गया है।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसने पहले पुलिस चौकी और थाना रुद्रपुर में शिकायत दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को भी प्रार्थना पत्र भेजा गया, फिर भी सुनवाई नहीं हुई। अंततः न्यायालय में याचिका दाखिल करनी पड़ी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने थाना रुद्रपुर पुलिस को एफआईआर दर्ज कर जांच करने के आदेश दिए हैं। कोर्ट के निर्देश के बाद पुलिस अब पूरे प्रकरण की जांच में जुट गई है।
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि पत्रकारिता की आड़ में गलत गतिविधियों को अंजाम देने वालों पर सख्त कार्रवाई कितनी जरूरी है, ताकि आम नागरिकों का भरोसा बना रहे।



