कार दिलाने के नाम पर आर्मी जवान से 3.78 लाख की ठगी, शोरूम संचालक पर धोखाधड़ी का आरोप, एसपी से शिकायत, कार्रवाई की मांग

Share the news

रुद्रपुर | संवाददाता

रुद्रपुर में कार दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित तीरथ सिंह ने पुलिस अधीक्षक, उधम सिंह नगर को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित के अनुसार वह आर्मी में कार्यरत हैं और देश सेवा में तैनात रहते हुए उनके साथ धोखाधड़ी की गई।

शिकायत में बताया गया कि 17 अप्रैल 2025 को पीड़ित ने कार खरीदने के लिए श्याम मोटर्स, किच्छा रोड, तीनपानी स्थित कार्यालय में 3 लाख 78 हजार 780 रुपये नकद दिए थे। यह रकम अमित कुमार पांडेय और उसके सहयोगियों को दी गई, जिन्होंने कार उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। लेकिन पैसे लेने के बाद न तो कार दी गई और न ही रकम वापस की गई।

पीड़ित का आरोप है कि संबंधित लोग लगातार टालमटोल करते रहे और कार्यालय के चक्कर कटवाते रहे। मामले की सूचना जुलाई माह में चौकी स्तर पर दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी। बाद में आरोपी द्वारा पैसे लौटाने की गारंटी देते हुए स्टांप पेपर भी दिया गया, बावजूद इसके पीड़ित को न तो धनराशि मिली और न ही कार।

पीड़ित ने पूरे मामले को सुनियोजित धोखाधड़ी बताते हुए उच्चस्तरीय जांच और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने मामले को संज्ञान में लेने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *