अंकिता भंडारी हत्याकांड: वीआईपी कंट्रोवर्सी में उर्मिला सनावर एसआईटी के सामने पेश, छह घंटे पूछताछ, सबूत सौंपे, राजनीति से दूरी की अपील

Share the news

अंकिता भंडारी हत्याकांड: उर्मिला सनावर एसआईटी के सामने पेश, छह घंटे तक हुई पूछताछ

देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े वीआईपी कंट्रोवर्सी मामले में फरार चल रही उर्मिला सनावर बुधवार 7 जनवरी को देहरादून में एसआईटी के सामने पेश हुईं। पुलिस ने उनसे करीब छह घंटे तक पूछताछ की। उर्मिला सनावर ने खुद फेसबुक पर वीडियो पोस्ट कर इसकी जानकारी साझा की।

 

उर्मिला सनावर ने बताया कि वह फिलहाल देहरादून में हैं और बुधवार को दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक एसआईटी जांच में शामिल रहीं। उन्होंने कहा कि उन्होंने पुलिस को पूरा सहयोग दिया है और उत्तराखंड पुलिस का रवैया उनके प्रति सकारात्मक रहा। उनके मुताबिक अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े सभी सबूत, साक्ष्य और रिकॉर्डिंग उन्होंने एसआईटी को सौंप दिए हैं। पुलिस द्वारा पूछे गए सवालों के उन्होंने संतोषजनक जवाब दिए।

 

उर्मिला सनावर ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल अंकिता भंडारी को न्याय दिलाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर उनके नाम को राजनीति से जोड़ा जा रहा है और तरह-तरह की भ्रांतियां फैलाई जा रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि न तो वह किसी राजनीतिक दल का हिस्सा हैं और न ही किसी पार्टी के लिए काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि अंकिता केवल उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश की बेटी है और इस मामले में राजनीति नहीं होनी चाहिए।

 

उर्मिला सनावर ने यह भी कहा कि वह हर स्तर की जांच के लिए तैयार हैं, चाहे वह सीबीआई जांच हो या नार्को टेस्ट। उन्होंने यह भी मांग की कि सुरेश राठौर का भी नार्को टेस्ट कराया जाए, क्योंकि उनके अनुसार कई जानकारियां और रिकॉर्डिंग उन्हीं से जुड़ी हैं, जिन्हें एसआईटी को सौंप दिया गया है।

 

उन्होंने बताया कि एसआईटी जांच अभी जारी है और गुरुवार 8 जनवरी को वह अन्य मामलों में पूछताछ के लिए हरिद्वार जाएंगी। गौरतलब है कि उर्मिला सनावर खुद को भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की पत्नी बताती हैं। दिसंबर 2025 में उन्होंने फेसबुक पर एक वीडियो जारी कर कथित बातचीत की रिकॉर्डिंग साझा की थी, जिसमें अंकिता भंडारी हत्याकांड में एक ‘वीआईपी’ के शामिल होने का दावा किया गया था। इस वीडियो के बाद प्रदेश की राजनीति में हड़कंप मच गया था और उर्मिला सनावर व सुरेश राठौर के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हुए थे।

 

हालांकि, सुरेश राठौर के मामलों में हाईकोर्ट ने गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। वहीं, उर्मिला सनावर के एसआईटी के सामने पेश होने के बाद अब जांच एक बार फिर तेज होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *