अंकिता भंडारी हत्याकांड: सीएम धामी से मिले माता-पिता, न्याय और मांगों पर कार्रवाई का दिया भरोसा, प्रदेशभर में जारी आक्रोश

Share the news

देहरादून। उत्तराखंड में अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर प्रदेशभर में उबाल जारी है। अंकिता को न्याय दिलाने की मांग को लेकर लगातार प्रदर्शन हो रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को अंकिता भंडारी के माता-पिता ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में मुलाकात की और अपनी पीड़ा व भावनाएं उनके समक्ष रखीं। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को न्याय का भरोसा दिलाते हुए सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

 

उल्लेखनीय है कि बीते दिन 6 जनवरी को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रेस वार्ता कर अंकिता भंडारी मामले पर अपनी स्पष्ट राय रखी थी। उन्होंने कहा था कि अंकिता के माता-पिता जिस प्रकार की जांच और कार्रवाई की मांग करेंगे, उसके कानूनी पहलुओं को देखते हुए सरकार आगे कदम बढ़ाएगी। इसी कड़ी में प्रेस वार्ता के अगले ही दिन मुख्यमंत्री ने अंकिता के पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी और माता सोनी देवी से मुलाकात की।

 

मुलाकात के दौरान अंकिता के माता-पिता ने पूरे घटनाक्रम से जुड़े अपने मंतव्य, आशंकाएं और भावनात्मक पक्ष मुख्यमंत्री के सामने रखा। मुख्यमंत्री धामी ने उन्हें आश्वस्त किया कि राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और इस मामले में न्याय सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने हर संभव सहयोग और मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

 

गौरतलब है कि पिछले 15 से 20 दिनों से अंकिता भंडारी हत्याकांड प्रदेश की राजनीति और समाज में चर्चा का विषय बना हुआ है। मामले में कथित ‘वीआईपी’ का नाम सामने न आने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। सोशल मीडिया पर ऑडियो-वीडियो सामने आने के बाद सियासत और तेज हो गई है। कांग्रेस समेत कई सामाजिक संगठन लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं सरकार और भाजपा संगठन की ओर से भी पक्ष रखा गया है, लेकिन मामला अब भी शांत नहीं हुआ है। ऐसे में मुख्यमंत्री की यह मुलाकात काफी अहम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *