रुद्रपुर, संवाददाता।
अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जोरदार प्रदर्शन करते हुए मामले की सीबीआई जांच की मांग की। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने भगत सिंह चौक से प्रदर्शन की शुरुआत की और मुख्य बाजार से होते हुए महाराजा रणजीत सिंह पार्क तक मार्च निकाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग उठाई।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता संजय जुनेजा ने कहा कि अंकिता भंडारी पहाड़ की बेटी थी और उसे न्याय दिलाना केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड की बेटियों की सुरक्षा और सम्मान से जुड़ा सवाल है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से इस हत्याकांड में प्रारंभिक स्तर पर साक्ष्य नष्ट किए गए, घटनास्थल पर स्थित रिसॉर्ट को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया और जांच को सीमित दायरे में रखा गया, उससे सरकार की नीयत पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
संजय जुनेजा ने कहा कि हाल ही में उर्मिला द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से सामने आए वीडियो और बयान इस मामले को और अधिक गंभीर बना रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एक बड़े और कद्दावर भाजपा नेता पर बेहद संगीन आरोप लगे हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी है। कांग्रेस नेता ने कहा कि यदि सरकार और जांच एजेंसियों के पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है, तो वे सीबीआई जांच से क्यों डर रही हैं।
कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट कहा कि केवल एसआईटी जांच के माध्यम से कुछ आरोपियों को सजा दिला देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह भी आवश्यक है कि इस जघन्य अपराध के पीछे शामिल सभी प्रभावशाली लोगों की भूमिका जनता के सामने आए। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से तत्काल सीबीआई जांच की सिफारिश करने की मांग की।
इस मौके पर पवन वर्मा, दिनेश पंत, सौरभ शमी, सौरभ बेहड़, सुनील जडच्चानी, मोहन खेड़ा, मोहन कुमार, प्रांजल गाबा, आशीत बाला, विक्रमजीत सिंह, राम कृष्ण कनौजिया, विकास मल्लिक, रंजीत तिवारी, तपन विश्वास, देवानंद स्वर्णकार, रमेन विश्वास, महबूब अंसारी, नदीम खान, इंद्रजीत सिंह, प्रशांत शाही सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।



