बिजली कटौती से भड़के कांग्रेस विधायक बन गए लाइनमैन, खंभे पर चढ़कर अफसरों के घरों की बिजली काटी, चेताया– अब जनता के हक से नहीं होगा खिलवाड़

Share the news

हरिद्वार जिले की झबरेड़ा विधानसभा से कांग्रेस विधायक वीरेंद्र जाति का बिजली कटौती को लेकर गुस्सा सड़कों पर दिखाई दिया। ग्रामीण इलाकों में लगातार हो रही बिजली कटौती से नाराज विधायक ने मंगलवार को अनोखा विरोध दर्ज कराया। रुड़की पहुंचे विधायक वीरेंद्र जाति ने बिजली विभाग के अधिकारियों के आवासों की बिजली लाइन खुद खंभे पर चढ़कर काट दी। इस दौरान वे लाइनमैन की तरह पीछे प्लास लगाए नजर आए।

दरअसल, करीब 15 दिन पहले विधायक वीरेंद्र जाति ने विद्युत विभाग के तत्कालीन अधीक्षण अभियंता अमित कुमार से मुलाकात कर झबरेड़ा क्षेत्र के देहात इलाकों में हो रही बिजली कटौती पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने चेतावनी दी थी कि सुबह और शाम बार-बार बिजली काटे जाने से आम लोगों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो रही है। बच्चे पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं, बुजुर्गों और मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विधायक ने स्पष्ट कहा था कि यदि एक सप्ताह के भीतर व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो वे स्वयं अधिकारियों के आवासों की बिजली काटेंगे।

हालांकि, इस बीच अधीक्षण अभियंता का तबादला हो गया, लेकिन तय समय सीमा पूरी होने के बावजूद भी ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति में कोई सुधार नहीं हुआ। इसके बाद 23 दिसंबर मंगलवार को विधायक वीरेंद्र जाति रुड़की में अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता सहित अन्य अधिकारियों के आवास पर पहुंचे और बिजली लाइन काटकर अपना विरोध दर्ज कराया।

विधायक वीरेंद्र जाति ने कहा कि जो परेशानी जनता झेल रही है, वही अगर अधिकारी झेलेंगे तो शायद व्यवस्था सुधरेगी। उन्होंने साफ कहा कि जनता के हक की बिजली किसी अधिकारी की मर्जी पर नहीं चलेगी। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द ही ग्रामीण इलाकों में बिजली व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई, तो जेई, एसडीओ समेत अन्य जिम्मेदार अधिकारियों की बिजली लाइन भी काटी जाएगी।

फिलहाल, विधायक के इस कदम के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मचा हुआ है और मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *