युवा व्यापारी ध्रुव चावला की मौत पर फूटा गुस्सा, व्यापारियों ने निकाला कैंडल मार्च

Share the news

रुद्रपुर में युवा व्यापारी ध्रुव चावला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद शहर के व्यापारियों और आम लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। गुरुवार शाम बड़ी संख्या में व्यापारियों और महिलाओं ने कैंडल मार्च निकालकर न्याय की मांग की।

गुरुवार शाम पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, व्यापारी नेता संजय जुनेजा और विजय फुटेला की मौजूदगी में शहर के भगत सिंह चौक पर बड़ी संख्या में व्यापारी और महिलाएं एकत्रित हुए। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर 25 वर्षीय युवा व्यापारी ध्रुव चावला को श्रद्धांजलि दी और इसके बाद कैंडल मार्च निकाला। कैंडल मार्च शहर के मुख्य मार्गों से होता हुआ गांधी पार्क पहुंचकर समाप्त हुआ।
व्यापारियों का कहना है कि सिविल लाइंस क्षेत्र में ध्रुव चावला खून से लथपथ हालत में मिला था। उसके सिर में अवैध .32 बोर पिस्टल की गोली लगी थी। चार दिन तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद उसकी मृत्यु हो गई। इस घटना के बाद से व्यापारिक समुदाय में भारी रोष है।
मृतक की मां एकता चावला ने कहा कि उनका बेटा आत्महत्या नहीं कर सकता था। उनका आरोप है कि वह मानसिक दबाव में जरूर था, लेकिन परिवार से बेहद जुड़ा हुआ था और घर का इकलौता बेटा था। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा करने और निष्पक्ष जांच की मांग की।
इस मौके पर कमल फुटेला, राजकुमार खनिजों, अरुण अरोरा, शिवा चावला, राघव शर्मा, माधव शर्मा, राजेश कामरा, अशोक चावला, किरण विर्क, ललित बिष्ट और हरजिंदर सिंह सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *